हरिद्वार, 28 सितंबर । उत्तराखंड संस्कृत अकादमी में संपन्न हुए उत्तराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय के 12 वें दीक्षांत समारोह में समारोह की मुख्य अतिथि एवं कुलाधिपति के रूप में अध्यक्षता कर रहे ले.जन.( रि) माननीय राज्यपाल गुरमीत सिंह ने परीक्षाओं में सर्वोच्च अंक हासिल करने वाले 32 छात्र – छात्राओं को स्वर्ण पदक प्रदान किए। माननीय राज्यपाल ने पत्रकारिता में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्र सचिन पालीवाल को स्वर्ण पदक प्रदान किया।
उन्होंने कहा कि आज पत्रकारिता का स्वरूप बदल रहा है। लोग टीवी एवं अखबारों की खबरों से पहले ही सोशल मीडिया के माध्यम से खबरों से रूबरू हो जाते हैं लेकिन खबरों के फटाफट के इस युग में सत्यता कहीं न कहीं पीछे रह जाती है जिसका हमें ध्यान रखना होगा और समाज में गलत खबरों के प्रसार और उनसे होने वाले नुकसान को भी रोकना होगा। खबरों में खुद को अलग बनाए रखना और विश्वविद्यालय में स्वर्ण पदक लाना मेहनत और लगनशीलता का ही सुखद परिणाम है।
उत्तराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. रमाकांत पांडेय ने दीक्षांत समारोह में सभी स्वर्ण पदक धारकों को अपनी शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आप सभी ने अपने अपने क्षेत्र में स्वर्ण पदक हासिल किए जो कि विश्वविद्यालय के लिए गर्व की बात है। पत्रकारिता पर अपने विचार रखते हुए कहा कि हमें खुशी हो रही है कि हमारे विश्वविद्यालय के एक छात्र ने एम.ए. पत्रकारिता में सर्वोच्च अंक हासिल कर स्वर्ण पदक प्राप्त किया है। पत्रकारिता विषय में विश्विद्यालय का नाम रोशन किया है। हम आशा करते हैं कि आने वाले वर्षों में भी नए छात्र ऐसे ही स्वर्ण पदक प्राप्त करते हुए विश्विद्यालय का नाम और ऊंचा करेंगे और पत्रकारिता में नए मापदंड स्थापित करेंगे।
पत्रकारिता विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. उमेश कुमार शुक्ल ने इस अवसर पर हर्ष जताते हुए कहा कि यह बड़े गर्व की बात है कि और विषयों के साथ – साथ पत्रकारिता में भी हमारे विश्वविद्यालय के छात्र ने स्वर्ण पदक प्राप्त किया है। इससे पत्रकारिता विभाग का भी विश्विद्यालय में नाम हुआ है। अपनी शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने कहा कि हम उम्मीद करते हैं कि स्वर्ण पदक प्राप्त छात्र सचिन पालीवाल पत्रकारिता के सिद्धांतों और मूल्यों पर खरा उतरेंगे और उनका अच्छे से पालन भी करेंगे।
पत्रकारिता के प्रो. डॉ. रुपेश शर्मा एवं प्रो. परविंदर कुमार ने शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हमे खुशी का अनुभव हो रहा है कि हमारे पढ़ाये हुए छात्र सचिन पालीवाल ने स्वर्ण पदक प्राप्त किया। एक अध्यापक के लिए इससे बड़ी और खूबसूरत बात और क्या हो सकती है कि माननीय राज्यपाल के हाथों भरे सभागार में हमारे विद्यार्थी को स्वर्ण पदक मिल रहा है। हम दोनों उनके उज्जवल भविष्य की कामना करते हैं और साथ ही उम्मीद करते हैं कि वे पत्रकारिता में नैतिकता बनाए रखेंगे। हमारी शुभकामनाएं और आशीर्वाद उनके साथ हैं।



