भाजपा सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने हरीश रावत को गुगली मास्टर बताया

हरिद्वार, 26 सितंबर। शुक्रवार को एक कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के हरिद्वार से चुनाव लड़ने के सवाल पर हरिद्वार से भाजपा सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने तंज कसा है। हरिद्वार में आयोजित सांसद खेल महोत्सव में भाग लेने पहुंचे त्रिवेंद्र सिंह रावत ने हरीश रावत को गुगली मास्टर बताया। साथ ही उन्होंने हरीश रावत की दीर्घायु की कामना की।
त्रिवेंद्र सिंह ने कहा हरीश रावत गुगली मास्टर हैं। उन्होंने कहा-
अब उनकी गुगली कहां जाकर टकराएगी, कुछ नहीं कह सकते। उनकी गुगली किसका स्टंप लेगी, या खुद ही कैच आउट हो जाएंगे, कुछ कहा नहीं जा सकता। चुनाव लड़ना लड़ाना, उनकी पार्टी का मामला है। हमारी तो हमेशा उनके लिए हमेशा शुभकामनाएं ही हैं। हम तो केवल हरीश रावत के स्वास्थ्य के लिए मंगल कामनाएं कर सकते हैं।
हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह ने एक क्रिकेट खिलाड़ी का जिक्र करते हुए कहा कि बहुत पहले एक प्रसन्न नाम का खिलाड़ी हुआ करता था, जब वो गुगली फेंकता था, तो किसका स्टंप उड़ा दे, कुछ पता नहीं चलता था। वैसी ही गुगली हरीश रावत की भी है। हरीश रावत के हरिद्वार में सक्रिय होने के सवाल पर त्रिवेंद्र सिंह ने कहा कि उनकी उम्र भी हो गई है, इसलिए हरिद्वार में सक्रिय रहना भी चाहिए।

भाजपा सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने हरीश रावत को गुगली मास्टर बताया
Leave a Comment


